नगर विकास मंत्री आजम खान ने कहा कि राम आदर्श हैं। वह सत्ता के लिए तोड़फोड़ नहीं कराते हैं। देश को एक बार फिर से बांटने वालों से सावधान रहने की जरूरत है। वह शनिवार को फतेहपुर बिंदकी के पशु बाजार मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। आजम ने बसपा को मुस्लिम विरोधी करार दिया।
आजम खान ने कहा है कि मन की बात करने वाले झूठे और फरेबी हैं। ऐसे लोग अपने मन की ही बात करते हैं। देश के मन की बात नहीं सुनते। अपनी ही सुनाने वाला कभी अच्छा शख्स नहीं होता। उन्होंने कहा कि चुनाव हल्की चीज नहीं होता। इसमें कमजोर, लाचार लोगों की खुशियां जुड़ी होती हैं। अच्छे लोगों को ही चुनें। केंद्र के बादशाह ने सौ दिन में हर हिंदुस्तानी के खाते में 20-20 लाख रुपये भेजने, हर साल दो करोड़ लोगों को नौकरी देने और 24 घंटे बिजली देने की बात कही थी। ढाई साल में ऐसा कुछ नहीं हो पाया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब गरीबों के खाते में 20 लाख देने की घोषणा को मजाक बता रहे हैं। नोट संकट से होने वाली मौतों पर मां- बेटी की बद्दुआ से पीएम बच नहीं पाएंगे। गोधरा कांड पर भी बोले, कहा कि बादशाह कट्टे की बात करते हैं, जो किसी बादशाह की जुबान से अच्छी नहीं लगती। आजम खान ने कहा कि उन्हें इंसानियत, मोहब्बत, ईमानदारी मुझसे सीखनी चाहिए। पाकिस्तान जाने की बात कहने वाले यह जान लें कि मोहल्ले का आवारा कुत्ता भी अपनी गली छोड़कर नहीं जाता तो मुसलमान वतन कैसे छोड़ के जाएगा। अगर विधानसभा चुनाव फतह कर लिया, तो 2019 में दिल्ली की कुर्सी पर कब्जा होगा। अब बीएसपी की बहनजी का एक वीडियो वायरल हुआ है। कट्टर पंथी मुसलमानों को सबक सिखाने के लिए उन्होंने अपने समर्थकों से भाजपा को वोट देने के लिए कह दिया है। देख लो, समझ लो। इसके बाद राय बनाना कि वह कैसे मुस्लिम का वोट मांग रही हैं।