शनिवार तड़के सेंट्रल स्टेशन पहुंचने के पहले अवध एक्सप्रेस (19039) के एस-3 कोच में पुलिस वालों ने यात्रियों से नकदी लूट ली। विरोध करने पर मारपीट की और भाग निकले। गोंडा स्टेशन पहुंचने पर एक यात्री ने जीआरपी थाने में तीन पुलिस वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जीआरपी गोंडा प्रभारी लक्ष्मीनारायण यादव ने बताया कि ट्रेन के एस-3 कोच की सीट नंबर सात पर बैठे योगेंद्र पुरी गोरखपुर जा रहे थे। कानपुर स्टेशन से पहले तीन लोग पुलिस की वर्दी में आए और टिकट चेक करने लगे। टिकट दिखाने के बाद भी वर्दीधारियों ने मारपीट और 1200 रुपये लूट लिए।
इसके बाद कई और यात्रियों से लूटपाट की। हंगामा होने पर पुलिसकर्मी चेन पुलिंग कर भाग निकले। ट्रेन तड़के करीब तीन बजे सेंट्रल स्टेशन पहुंची जिससे यात्री वहां रिपोर्ट नहीं लिखा सके। यात्रियों ने जीआरपी के हेल्पलाइन नंबर 1512 पर घटना की सूचना दी। कंट्रोल रूम की सूचना पर ट्रेन के गोंडा स्टेशन पहुंचने पर वहां रिपोर्ट लिखी गई।
गोंडा जीआरपी प्रभारी ने बताया कि मामले को कानपुर जीआरपी भेजा जाएगा। जीआरपी प्रभारी कानपुर त्रिपुरारी पांडेय का कहना है कि अवध एक्सप्रेस में आगरा का एस्कार्ट चलता है। हो सकता है उन लोगों ने लूटपाट की हो। जांच की जाएगी।