झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को उकासा मोड़ के पास एंबुलेंस चालक को नींद की झपकी आने से एंबुलेंस सामने चल रहे ऑटो और मोपेड से टकरा गई। टक्कर लगने से ऑटो पलट गया, जिसमें आठ लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के समय हाईवे से गुजर रहे कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने रुककर पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल भिजवाने में मदद की।
जानकारी के अनुसार, गुजरात के अहमदाबाद से सुल्तानपुर निवासी 85 वर्षीय राम आसरे वर्मा का शव लेकर एंबुलेंस परिजन के साथ जा रही थी। मंगलवार शाम करीब 5:10 बजे आटा थाना क्षेत्र के उकासा मोड़ के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे एंबुलेंस अनियंत्रित होकर ऑटो से टकरा गई। इसके बाद किनारे चल रहे मोपेड सवार को भी टक्कर लग गई। हादसे में लालाराम (53) निवासी लोहागढ़, झांसी, रामसिंह (60) निवासी उरई, प्रियंका (20), अनामिका (22), राजकुमारी (38) निवासी बम्हौरी, राजेंद्र (42) और अभिमन्यु (30) निवासी इकोना तथा धर्मेंद्र (36) निवासी हैदलपुर घायल हो गए। धर्मेंद्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर आटा थानाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर एंबुलेंस चालक और वाहन को भी पूछताछ के लिए अभिरक्षा में लिया। वहीं, मृतक के शव और परिजनों को दूसरी एंबुलेंस से सुल्तानपुर रवाना किया गया। पुलिस के अनुसार, अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।