बकेवर। हाईवे पर बकेवर बाईपास के पास खराब खड़ी पिकअप में पीछे से ऑटो जा घुसा। हादसे में ऑटो चालक समेत पांच सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को 50 शैया अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक ऑटो चालक को झपकी आने से हादसा होने की बात सामने आ रही है।
बुधवार सुबह शहर से एक ऑटो सवारियां भरकर बकेवर आ रहा था। सुबह करीब पांच बजे बकेवर बाईपास पर बकेवर ओवरब्रिज से दो सौ मीटर पहले इटावा-कानपुर मार्ग पर एक पिकअप खराब होने के कारण खड़ी थी। चालक-हेल्पर पिकअप ठीक करने के प्रयास में जुटे थे। इस बीच पीछे से आया एक ऑटो पिकअप में जा घुसा। इसमें ऑटो चालक सत्यनारायण गुप्ता निवासी खेड़ा मुहाल लखना हाल पता कस्बा इकदिल, विजय निवासी मुजफ्फरपुर-बिहार, अनूप निवासी लखीमपुर-खीरी, महेश निवासी ग्राम नगला सावत खां थाना बकेवर, प्रताप निवासी नगला सांवत खां थाना बकेवर घायल हो गए।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को 50 शैया अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं, पिकअप चालक कपिल निवासी रसूलपुर थाना क्वार्सी, अलीगढ़ ने बताया पहिया खराब होने से हाईवे किनारे गाड़ी खड़ी कर दी, तभी ऑटो टकरा गया।