तिर्वा (कन्नौज)। ससुराल में बुधवार को ऑटो चालक का शव फंदे पर लटका मिला। कमरा अंदर से बंद था। पांच घंटे के बाद चालक के पिता पहुंचे, जिसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव का फंदे से उतारा गया। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके।
ग्राम देवपुरवा निवासी प्रियांशी की दो साल औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र के सेहुली गांव निवासी दीपक (30) से शादी हुई थी। दीपक ऑटो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। एक सप्ताह पहले दीपक पत्नी प्रियांशी और दो माह की बच्ची के साथ ऑटो से देवपुरवा ससुराल आया था। इस दौरान दीपक के ऑटो का पुलिस ने चालान कर सीज कर दिया था। ऑटो देर से छूटने के कारण दीपक ससुराल में ही रहने लगा।
सुबह 11 बजे दीपक ने पत्नी को घर लौटने के लिए कहा। इसी बीच प्रियांशी की बहन बीए की परीक्षा देने के लिए तिर्वा चली गई। घर में केवल दंपती और बच्ची ही मौजूद थे। दोपहर दो बजे प्रियांशी बेटी को नहलाने लगी और दीपक ने आराम करने की बात कहकर कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब प्रियांशी कमरे के पास पहुंची और खिड़की से अंदर देखा तो दीपक को फंदे पर लटकता देख शोर मचाया।
इसके बाद आसपास के लोग पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाल संजय कुमार शुक्ला पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे और प्रियांशी से घटना की जानकारी ली। हालांकि, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने दीपक के परिजनों का इंतजार किया। पांच घंटे के बाद दीपक के पिता के पहुंचने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। कोतवाल ने बताया कि दीपक की मां के आने का इंतजार किया जा रहा है, जिस कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका।