फफूंद रेलवे स्टेशन के पास शनिवार रात 32 वर्षीय एक युवक ने संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के आगे कूदकर जान दे दी। रविवार सुबह मौके पर पहुंचे परिजन ने चप्पल व घटनास्थल पर मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर शिनाख्त की। बाद में जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया।
मोहल्ला ब्रह्मनगर के रवि शर्मा (32) पुत्र श्यामबाबू शर्मा शनिवार को बाल कटवाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजन ने अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी तलाश शुरू की। ब्रह्मनगर पुलिस चौकी में गुमशुदगी की तहरीर दी। इसी दौरान युवक ने फफूंद रेलवे स्टेशन के पास खंभा नंबर 1099/18-16 के पास कानपुर जा रही संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के सामने कूदकर जान दे दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची।