दो दिन पहले हुई तेज बारिश के बाद अन्हैया नदी का जलस्तर बढ़ने से विकासखंड एरवा कटरा की ग्राम पंचायत रामपुर खास के मजरा बुझौआ स्थित प्राथमिक विद्यालय जलमग्न हो गया। विद्यालय परिसर में चारों तरफ पानी भर जाने से शिक्षक और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी भरने से विद्यालय में आवागमन भी प्रभावित है।
http://
प्रधानाध्यापक राम मिलन ने बताया कि विद्यालय की समस्याओं को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और उच्च अधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ने से स्कूल परिसर में पानी भर गया है।
प्रधानाध्यापक के अनुसार विद्यालय में शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं है और बाउंड्रीवाल भी नहीं बनी है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को पहले से ही परेशानी होती है। ग्रामीणों ने विद्यालय से जलभराव हटवाने के साथ ही बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। बीडीओ रवि शंकर गिरी ने बताया कि मामले को संज्ञान देते हुए संबंधित सचिव को निर्देश दिए गए हैं स्कूल का प्रस्ताव बनाकर भी हम उच्च अधिकारियों को भेज रहे हैं।