आग ने लिया विकराल रूप
समोसे की दुकान में रखे तेल, सिलेंडर, लकड़ी और प्लास्टिक के सामान के कारण आग ने तेजी से फैलकर पास की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। पास ही स्थित भूपेंद्र गुप्ता पुत्र साधु गुप्ता की प्लास्टिक के सामान की दुकान में भी आग लग गई। देखते ही देखते दोनों दुकानों में रखा लाखों रुपये का माल राख में तब्दील हो गया। तेज लपटों से आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने अपनी-अपनी दुकानें खाली करनी शुरू कर दीं।
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड कर्मियों के बीच झड़प
फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन जब तक दमकल वाहन मौके पर पहुंचता, आग बेकाबू हो चुकी थी। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों और बाजार के युवकों ने बाल्टी, ड्रम और मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग की लपटें कुछ कम हुईं। फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दमकल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते टीम पहुंच जाती, तो आग को फैलने से रोका जा सकता था। इस दौरान कुछ ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड कर्मियों के बीच झड़प भी हो गई, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस ने शांत कराया।
थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रुद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में लिया। उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराया और आग बुझाने में मदद की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और किसी प्रकार की जनहानि न हो, इसके लिए चारों ओर बैरिकेडिंग करा दी। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक लपटें दिखाई दे रही थीं, लेकिन सौभाग्य से किसी की जान नहीं गई। यदि आग कुछ और मिनटों तक फैलती तो आसपास की अन्य दुकानों और मकानों तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ी दुर्घटना संभव थी।
दो दुकानें जलकर राख
पीड़ित दुकानदार विशाल गुप्ता ने बताया कि दीपावली की रात दुकान बंद करने की तैयारी चल रही थी कि अचानक फ्रिज से चिंगारी निकली और आग लग गई। कुछ ही मिनटों में सब कुछ जलकर खाक हो गया। वहीं भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान में प्लास्टिक के सामान, खिलौने और गिफ्ट आइटम रखे थे जो पूरी तरह जल गए। दोनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। थाना प्रभारी रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण फ्रिज में शॉर्ट सर्किट पाया गया है। घटना में दो दुकानें जलकर राख हो गईं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया है और आगे की कार्रवाईकी जा रही है।