औरैया जिले में पुलिस उपनिरीक्षक दिनेश सिंह भदौरिया की बुधवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पुलिस लाइन ले जाया गया। वहां अंतिम सलामी देने के बाद एसपी, एएसपी ने शव को कंधा दिया। इसके बाद में परिजन शव लेकर पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।
आगरा स्थित थाना जैतपुर कलां क्षेत्र के गांव फतेहपुरा निवासी दिनेश सिंह भदौरिया का बृहस्पतिवार को पार्थिव शरीर जैसे ही रिजर्व पुलिस लाइन लाया गया, वहां का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। एसपी अभिषेक भारती, एएसपी आलोक मिश्रा, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह, कोतवाल राजकुमार सिंह समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।