औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र में तिर्वा रोड पर रविवार सुबह करीब पांच बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिधूना से भूसा लेकर नादेमऊ जा रही ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर बने गहरे गड्ढों की वजह से अनियंत्रित होकर पलट गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तिर्वा रोड की हालत लंबे समय से बेहद खराब है। जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
रविवार सुबह भी जैसे ही ट्रैक्टर इन गड्ढों के पास पहुंचा ओवरलोड होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली बीच सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई राहगीर या वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। दुर्घटना में किसी के घायल होने की भी सूचना नहीं है। ट्रॉली पलटने के बाद सड़क पर भूसा बिखर गया।