बेला कस्बे के मंडी रोड स्थित पानी की टंकी पर सोमवार को एक किशोरी के चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। बताया गया कि किशोरी जमीन के विवाद से जुड़े मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
परिजन के अनुसार किशोरी रश्मि पुत्री स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह निवासी सिमरा पूर्व, थाना बेला, जनपद औरैया के रूप में बताई गई है। किशोरी के चाचा शालू यादव ने बताया है की उसके फूफा सुरेश चंद्र निवासी गांव ब्रह्मपुर थाना गुरसहायगंज, जनपद कन्नौज के निवासी हैं। 30 जुलाई को किशोरी की बुआ की बेटी रश्मि का विवाह उसके माता-पिता की ओर से कराया गया था। इसके बाद जमीन के विवाद से संबंधित मामले में न्याय की मांग को लेकर किशोरी ने पानी की टंकी पर चढ़ने का कदम उठाया।
घटना की जानकारी मिलते ही बेला थाना प्रभारी अनिलेश यादव, उपनिरीक्षक बृजभूषण तिवारी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने किशोरी से बातचीत कर उसे समझाने तथा सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्वक संभालते हुए किशोरी से बातचीत की और उसकी शिकायत एवं मांगों के संबंध में जानकारी जुटाई। जमीन के विवाद से जुड़े आरोपों और युवती की ओर से की जा रही मांगों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने उच्चाधिकारीयों समेत एम्बुलेंस व फायर विग्रेड को सूचना दी है।