जेल में दम घुटने की बात भी कही
जेल जाने के बाद हताश हो गया। गोली मारने की धमकी दी गई। परिवार को धमकाने से लेकर दर्ज मुकदमे में जीजा का नाम होने से रोहित व्यथित था। जेल में दम घुटने की बात भी कही। वीडियो के अंत में परिवार को न्याय दिलाने की मांग रखी। उसने जहरीले पदार्थ की शीशी भी दिखाई।
युवती का बदल गया रुख
रोहित के परिजनों के मुताबिक प्रेमिका की रोहित से पहले मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी। धीरे-धीरे नजदीकी बढ़ी तो दोनों दिल्ली चले गए। इस पर लड़की के पिता ने बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस का दबाव बढ़ने पर दोनों लौटे तो लड़की का रुख बदल गया।
हताश रोहित ने आत्मघाती कदम उठाया
पॉक्सो की धारा बाद में बढ़ाई गई। रोहित के अलावा उसके जीजा का भी नाम दर्ज करा दिया। रोहित को पुलिस ने जेल भेजा। जेल काटकर रोहित लौटा, तो लड़की 14 नवंबर को रोहित के घर आ गई। इसके बाद धर्म परिवर्तन की शर्तों ने रोहित को फिर से झकझोरा। ऐसे में हताश रोहित ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
छह लोगों पर मुकदमा दर्ज
बता दें कि प्रेमिका के परिजनों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाकर युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। युवक ने अपना यह दर्द वीडियो बनाकर बयां किया है। युवक की मां ने छह लोगों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने दो को हिरासत में लिया
दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सोमवार को बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव बरका पुर्वा निवासी सरोजनी देवी पत्नी प्रमोद कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि सहार थाना क्षेत्र के गांव इंदपामऊ निवासी सत्तार खां, सलमान खां, टुल्ली खां, टुन्नी खां, वकील खां और बिधूना निवासी बंटी खां ने उसके पुत्र रोहित पर धर्म परिर्वतन करने का दबाव बनाया।
पॉक्सो एक्ट में रोहित को जेल भी भेजा
शर्त रखी कि सत्तार अपनी बेटी का निकाह रोहित से तभी करेगा, जब वह धर्म बदलेगा। इन लोगों ने रोहित के खिलाफ सहार थाने में फर्जी मुकदमा दर्ज कराया। बेटे को पॉक्सो एक्ट में जेल भी भेजा गया। जमानत पर रोहत के बाहर आने पर 15 नवंबर को ये लोग उसके घर आए। रोहित को जान से मारने के लिए चाकू और गड़ासा लेकर आए थे।
मुस्लिम बन जाओ और बेटी से निकाह कर लो
उसको धमकाया और बोले मुस्लिम बन जाओ और बेटी से निकाह कर लो नहीं तो जान से मार देंगे। तुम्हारे माता-पिता को भी जेल में डलवा देंगे। इसके बाद 18 नवंबर को क्षुब्ध होकर रोहित ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। रविवार की रात सैफई में इलाज के दौरान मौत हो गई। रोहित के मोबाइल में इसका वीडियो मिला है, जिसमें धर्म परिर्वतन कर निकाह न करने और मजबूरी में जहरीला पदार्थ खाने की बात कही है।
सैफई में इलाज के दौरान रविवार को मौत हुई
घटना के संबंध में अपराध निरीक्षक संत प्रकाश ने बताया कि आत्महत्या करने वाले रोहित के खिलाफ सहार थाने में मुकदमा दर्ज है। युवक ने तीन दिन पहले जहरीला पदार्थ खाया था। सैफई में इलाज के दौरान रविवार को मौत हुई है। मृतक की मां की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।