औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र से ससुराल में दामाद की खौफनाक खातिरदारी का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के पूर्वा गजा गांव में एक पारिवारिक विवाद को शांति से सुलझाने पहुंचे दामाद और उसके सगे भाइयों पर ससुराल पक्ष के लोगों ने काल बनकर हमला कर दिया।
कदम रखते ही बरसने लगीं लाठियां
कन्नौज जनपद के सौरिख थाना क्षेत्र स्थित ग्राम आदमपुर उम्मेद के रहने वाले ओपेन्द्र कुमार की ससुराल औरैया के पूर्वा गजा गांव में है। पिछले कुछ समय से दोनों परिवारों के बीच कोई घरेलू मनमुटाव चल रहा था। इसी पारिवारिक विवाद का निपटारा और सुलह-समझौता करने के लिए ओपेन्द्र कुमार शुक्रवार को अपने दो भाइयों शिवम और अमित कुमार को साथ लेकर अपनी ससुराल पहुंचा था। लेकिन, दामाद को अंदाजा भी नहीं था कि वहां सुलह के बजाय खूनखराबे की पूरी स्क्रिप्ट पहले से तैयार बैठी है।
गाली-गलौज का विरोध करने पर टूट पड़े साले और रिश्तेदार
पीड़ित ओपेन्द्र कुमार ने पुलिस को दी गई अपनी लिखित तहरीर में आरोप लगाया है कि वे जैसे ही ससुराल के घर पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे राहुल सिंह, रवि सिंह और उनके कुछ अन्य साथियों ने उन्हें देखते ही मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।