अयाना थाना क्षेत्र के गांव सुगंधा (कटघरा जुन्नारदार) में शुक्रवार रात शराब के नशे में उत्पात मचा रहे एक युवक को समझाने पहुंची पीआरवी टीम पर हमला हो गया। आरोपी के साथ ही उसके भाई और मां ने मारपीट कर सिपाही की वर्दी फाड़ दी। सूचना पर थाने से अतिरिक्त फोर्स पहुंचने से पहले आरोपी भाग निकला। मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
गांव निवासी विशाल ने शुक्रवार रात 10:35 बजे पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि उसका भाई शिवकुमार शराब के नशे में घर में हंगामा कर रहा है। सूचना पर पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल शिव किशोर वर्मा और चालक होमगार्ड बृजेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने उत्पात मचा रहे शिवकुमार को समझाने का प्रयास किया तो वह उग्र हो गया और पीआरवी टीम के साथ गाली-गलौज करने लगा।
आरोप है कि शिवकुमार ने सिपाही के साथ हाथापाई की और उनकी वर्दी फाड़ दी। इस दौरान पुलिस को सूचना देने वाला आरोपी का भाई विशाल व मां त्रिवेणी भी शिवकुमार के बचाव में आकर पुलिस से भिड़ गए। थाने से अतिरिक्त फोर्स आने से पहले आरोपी मौके से भाग निकले। थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि हेड कांस्टेबल की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।