थानाक्षेत्र के कुदरकोट रोड पर नेहराबोझ गांव मोड़ के पास शनिवार रात लोडर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे 100 शय्या अस्पताल चिचौली रेफर कर दिया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कुदरकोट निवासी अमन दीक्षित (26) पुत्र गोविंद दीक्षित शनिवार रात करीब 8:15 बजे अपने दोस्त की बाइक लेकर एरवा कटरा की ओर जा रहा था। नेहराबोझ गांव मोड़ पर मंदिर से कुछ आगे निकलते ही पीछे से सामान लादकर आ रहे लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना के बाद पीआरबी ने थाना पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम मौके पर पहुंचे और घायल को सरकारी गाड़ी से सीएचसी पहुंचाया। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि बाइक और लोडर को कब्जे में लिया है।