औरैया जिले में ककराही पुलिया के समीप एक निजी अस्पताल में आपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। परिजनों ने हंगामा किया तो अस्पताल के डॉक्टर एवं स्टाफ मौके से भाग निकले। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खुशहालपुर अजीतमल निवासी सोनी राजपूत (26) पत्नी विक्रम सिंह को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने गुरुवार शाम दिबियापुर में ककराही पुलिया के समीप गांव में खुले सहयोग हास्पीटल में भर्ती कराया। परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें अस्पताल प्रशासन ने रात में आपरेशन के बाद एक मृत बच्चा पैदा होने की जानकारी दी।
लेकिन मृत बच्चा भी उन्हें नहीं दिया गया।। शुक्रवार को दिन में प्रसूता सोनी की भी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। परिजनों ने गलत आपरेशन करने का आरोप लगाया। हंगामा बढ़ता देख अस्पताल में डाक्टरों एवं कर्मियों के हाथ पांव फूल गए।
डाक्टर और कर्मी मौके से भाग निकले। कुछ कर्मचारी बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में कमरा बंद करके बैठ गए। सीओ सुरेंद्र नाथ, प्रभारी निरीक्षक विकास राय समेत पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में बैठे कुछ अस्पताल कर्मियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
सीओ सुरेंद्र नाथ ने बताया कि सोनी को प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। रात में आपरेशन के बाद एक मृत बच्चा पैदा हुआ था। शुक्रवार को मां की भी मौत हो गई है। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मजिस्ट्रेट एवं मेडिकल टीम द्वारा अस्पताल की जांच की जाएगी। शाम को नायब तहसीलदार पवन कुमार ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। इधर, पुलिस ने महिला के नवजात बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।