लोकसभा चुनाव से पहले दिबियापुर पुलिस ने एक अवैध शस्त्र निर्माण फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। अवैध फैक्टरी संचालक को गिरफ्तार कर उपकरण एवं कई अवैध असलहे बरामद किए हैं। फैक्टरी संचालक का पुत्र पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बताया कि दिबियापुर थाना प्रभारी मुकेश बाबू चौहान के नेतृत्व में दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह, दरोगा सुधीर भारद्वाज एवं पुलिस टीम ने गुरुवार तड़के गांव धीरपुर अड्डा में एक झोपड़ी में संचालित अवैध असलहा फैक्टरी पकड़ी। यहां पर पिता-पुत्र अवैध असलहा फैक्टरी चला रहे थे। तड़के लगभग तीन बजे की गई कार्रवाई में कानपुर देहात जिले के मंगलपुर गांव तेजपुर के मूल निवासी धर्म सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
उसका पुत्र मौके पर नहीं मिला। झोपड़ी में 14 बने अधबने अवैध शस्त्र, कारतूस, कल पुर्जे व शस्त्र बनाने में प्रयुक्त उपकरण व एक बाइक बरामद हुई। बाइक को सीज कर दिया गया है। धर्म सिंह ने पूछताछ में बताया कि वह व उसके पुत्र ने पैसों के लालच में आकर यह काम शुरु किया था। कुछ पुराने व नये तमंचे तैयार किए गए। बताया कि असलहा बनाने के उपकरण मार्केट से लाते हैं और तैयार होने के बाद ग्राहकों को भारी दामों में बेच देते हैं । पुलिस अधीक्षक के अनुसार गिरफ्तार धर्म सिंह पर औरैया और कानपुर देहात जिले में अवैध शस्त्र रखने संबंधी चार मुकदमे दर्ज हैं।