एचटी लाइन के तार एलटी लाइन में छूने से घरों में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
अयाना थाना क्षेत्र के नौरी में बृहस्पतिवार तड़के नलकूप के लिए गई एचटी लाइन के तार गांव की एचटी लाइन से छू गया। ग्रामीणों के घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ने से चार घरों में आग लग गई। इससे इन घरों में गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। जबकि दो युवक करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की वजह से ग्रामीणों में रोष है। राजस्व लेखपाल ने गांव में पहुंच कर रिपोर्ट तैयार की है।
नौरी गांव के लोगों ने बताया कि गांव के कल्लू यादव के नलकूप के लिए गई एचटी लाइन गांव के अंदर से होकर गुजरती है। बुधवार तड़के तीन बजे के करीब जब लोग अपने घरों में सो रहे थे। तभी एचटी लाइन के तार गांव की एलटी लाइन से छू गए। इससे लोगों के घरों में हाईवोल्टेज करंट दौड़ जाने से घरों में लगे उपकरण फुंक गए। रामकेश ने बताया कि घर में हाईवोल्टेज करंट आने से कमरे में रखी फ्रिज, अलमारी व गृहस्थी के सामान में आग लग गई। इससे करीब पत्नी प्रियंका व बेटे के दो लाख रुपये के जेवर सहित तीन लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
रमेश ने बताया कि हाईवोल्टेज करंट के चलते उनके छप्पर में आग लग गई। इससे छप्पर में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। वहीं रमेश ने भी बताया कि वह छप्पर में सो रहे थे तभी हाईवोल्टेज करंट आने से हुए शार्ट सर्किट से छप्पर में आग लगने से कपड़े व अन्य सामान जल गया। जबकि मथुरा प्रसाद ने बताया कि वह परिवार के साथ घर में सो रहे थे। सुबह तीन बजे के करीब घर के विद्युत मीटर में शार्ट सर्किट होने से पूरे घर में करंट आ गया। इससे बेटा अहिवरन व गौरव गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी पर क्षेत्रीय लेखपाल सुधीर यादव ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को सौंपी जाएगी। वहीं आनेपुर विद्युत उपकेंद्र के जेई तौफीक ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रहे हैं। अभी तक घटना होने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जानकारी की जा रही है।