औरैया में एक गेस्ट हाउस में बृहस्पतिवार की रात सात फेरे लेने जा रहे एक युवक की शादी रुक गई। उसकी पहली पत्नी पुलिस फोर्स के साथ शादी रुकवाने पहुंच गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बरात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा। लड़की पक्ष ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूल्हा मौके से भाग गया।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी रेलवे कर्मचारी ने अपनी बेटी का रिश्ता कानपुर देहात मूसानगर निवासी कमलेश के साथ तय किया था। बृहस्पतिवार को शहर के एक गेस्ट हाउस में शादी का जश्न चल रहा था। मेहमान दावत खा रहे थे और रस्मों की तैयारी चल रही थी। तभी रात करीब नौ बजे अचानक पुलिस की गाड़ियों के सायरन और एक महिला की चीख-पुकार ने समारोह में सन्नाटा खींच दिया। मौके पर पहुंची महिला ने दावा किया कि वह कमलेश की पहली पत्नी है। उसने बताया कि उसकी शादी 14 साल पहले हो चुकी है और उनकी एक 12 साल की बेटी भी है।