औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अन्य साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों ने हाल ही में एक बुजुर्ग से हुई लूट की वारदात को कबूल किया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस कन्नौज सीमा पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मदनपुर की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। भागने की हड़बड़ाहट में गपचरिया पुलिया के पास बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसल गई और वे नीचे गिर पड़े। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी।