मैंने थोड़ी सी चढ़ाई तो ऐसी चढ़ी, दुनिया जाए भाड़ में मुझे क्या पड़ी। फिल्मी गीत की यह पंक्तियां गुरुवार रात कंचौसी रेलवे स्टेशन के सहायक स्टेशन मास्टर पर चरितार्थ होते दिखीं। ड्यूटी पर तैनात सहायक स्टेशन मास्टर अनिरुद्ध कुमार नशे में धुत पड़े रहे। इससे अति व्यस्त दिल्ली-हावड़ा रूट पर रात 12 बजे के बाद सिग्नल और लोकेशन न मिलने से कंट्रोल रूम में अफरातफरी मच गई।
इस दौरान तीन एक्सप्रेस ट्रेनों समेत पांच मालगाड़ियों को फफूंद और झींझक स्टेशन के बीच रोक दिया गया। रात दो बजे के बाद रेल यातायात सामान्य किया जा सका। अनिरुद्ध कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। गुरुवार की रात अनिरुद्ध कुमार शराब पीकर ड्यूटी करने पहुंचे। नशे की हालत में वह गहरी नींद में चले गए।
इस दौरान आटोमैटिक सिग्नल प्रणाली ने काम करना बंद कर दिया। ट्रेन जाने के बाद सिग्नल लाल हो गए। इस रूट से होकर आने-जाने वाली ट्रेनों की जानकारी आगे के स्टेशन को नहीं मिल सकी। सिग्नल लाल होने से मगध, फरक्का व वैशाली एक्सप्रेस सहित पांच मालगाड़ियां फफूंद और झींझक रेलवे स्टेशन के बीच खड़ी हो गईं।