औरैया जिले के नारायनपुर मोहल्ले में हनुमान मंदिर पर रविवार दोपहर अधिवक्ता मंजुल चौबे व उनकी चचेरी बहन सुधा की हत्या के मामले में दो पुलिस अधिकारियों पर गाज गिरी है। बुधवार को एसपी सुनीति ने लापरवाही पाए जाने पर कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक दुबे और नारायनपुर चौकी इंचार्ज नीरज त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि इस मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित कर रहे थे। जांच में लापरवाही पाए जाने पर एसपी ने कोतवाली इंस्पेक्टर और नारायनपुर चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है।
उन्होंने बताया कि अभी इस मामले की जांच जारी है। आगे भी कोई बड़ा निर्णय लिए जाने की संभावना है। उधर, पीड़ित परिजनों ने एसपी की ओर से की गई इस कार्रवाई पर संतुष्टि जताई है। हालांकि उनका कहना है कि यदि पुलिस सही समय पर ठोस कदम उठाती तो यह घटना होने से बच सकती थी।