थाना फफूंद क्षेत्र के मिश्रीपुर दौलतपुर गांव में पानी की किल्लत से परेशान होकर एक युवक सदर कोतवाली के गांव मालेपुर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकल कर्मियों के समझाने के बाद युवक को नीचे उतार लिया गया। पुलिस के अनुसार फफूंद के गांव मिश्रीपुर दौलतपुर निवासी दिनेश (30) की जमीन पर पिछले करीब 20 वर्षों से एक सरकारी हैंडपंप लगा है।
इस हैंडपंप से न सिर्फ दिनेश का परिवार, बल्कि आस-पड़ोस के तमाम लोग भी पानी लेते हैं। आरोप है कि दिनेश के चाचा ने कुछ समय पहले इस हैंडपंप में अपनी सबमर्सिबल की मोटर डाल ली थी। भतीजे दिनेश का कहना है कि चाचा सबमर्सिबल चलाकर मवेशियों को नहलाने में रोजाना सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद करते थे। इसी शिकायत उसने ब्लॉक कार्यालय में कर दी। आरोप है कि शिकायत से आक्रोशित होकर चाचा जयकरन ने न सिर्फ अपनी सबमर्सिबल मोटर निकाली, बल्कि हैंडपंप को भी उखाड़कर अपने घर के अंदर रख लिया। इससे उसने पानी के संकट से जूझना पड़ा। रविवार को नाराज भतीजा सदर कोतवाली के गांव मालेपुर पहुंचा और वहां लगे मोबाइल टावर में चढ गया। ग्रामीणों ने युवक को टावर पर देख पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल को भी इसकी सूचना दी। पुलिस व दमकल कर्मियों ने युवक को समझाया। करीब एक घंटे बाद युवक टावर से नीचे आ गया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि युवक को समझाने के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।