Auraiya News: नारायणपुर मोहल्ले में बृहस्पतिवार शाम से लापता तीन वर्षीय मासूम बच्चे का शव शुक्रवार सुबह नाले की सफाई के दौरान मिला। बच्चे की दुखद मौत से परिवार और स्थानीय निवासियों में गहरा शोक और आक्रोश है।
औरैया जिले में शहर के मोहल्ला नारायणपुर में बृहस्पतिवार शाम लापता हुए मासूम का शव नाले में मिला। शव देख परिजन में कोहराम मच गया। छानबीन के बाद शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मोहल्ला नारायणपुर निवासी हलवाई राहुल का तीन वर्षीय बेटा रोशन बृहस्पतिवार देर शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह संदिग्ध हालात में अचानक लापता हो गया।
परिजन ने मासूम की रात भर तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे नगर पालिका के सफाई कर्मचारी नाले की सफाई कर रहे थे। तभी उनकी नजर नाले में पड़े बच्चे के शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। बच्चे की दर्दनाक मौत से पूरे मोहल्ले के लोगों में गुस्सा देखने को मिला। सदर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।