अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मुरादगंज के पास एक तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी। इससे कार में सवार तीन युवकों में दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में दोनों युवकों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने एक युवक राहुल को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक प्रतीक कुमार को सैफई रेफर कर दिया।
जनपद इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के गांव दाईपुर निवासी राहुल कुमार (22) पुत्र शिवराम शुक्रवार की सुबह अपने मौसेरे भाई गांव मोहरी निवासी प्रतीक कुमार (20) पुत्र विजय कुमार के साथ पुरानी कार खरीदने कानपुर गया था। मोहारी निवासी अमन प्रताप उम्र (20) पुत्र जंटर बाबू भी उनके साथ गया था। शुक्रवार की शाम कार लेकर तीनों कानपुर से लौट रहे थे। शाम को करीब सात बजे औरैया की ओर से आ रही उनकी तेज रफ्तार कार मुरादगंज ओवरब्रिज के पास अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों कार में ही फंस गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसमें फंसे युवकों को बाहर निकाला। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रतीक कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया जबकि अमन को उपचार के बाद घर भेज दिया। पुलिस ने राहुल की मौत की सूचना उसके घर वालों को दी। परिजन सूचना मिलते ही अजीतमल के लिए रवाना हो गए। कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।