औरैया में हुए भीषण सड़क हादसे में आईजी रेंज मोहित अग्रवाल की जांच में एक दरोगा समेत आठ पुलिसकर्मी दोषी पाए गए। इन सभी को रविवार को निलंबित कर दिया गया है। इन पुलिसकर्मियों की तैनाती अनंतराम टोल प्लाजा, औरैया पर थी।
पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। इटावा-कानपुर हाईवे पर औरैया के मिहोली में हुए हादसे में 26 मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि 35 घायल हो गए थे। शासन के आदेश पर आईजी रेंज कानपुर मोहित अग्रवाल ने जांच की तो सामने आया कि औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र स्थित अनंत राम टोल प्लाजा पर दरोगा रामजीत सिंह, हेडकांस्टेबल शिवपाल और पुनू लाल, सिपाही विजय सिंह, प्रवीन कुमार, शेखर, सिद्धार्थ और अंशू की ड्यूटी थी।
इनकी मौजूदगी के बावजूद प्रवासी मजदूरों से भरे ट्रक वहां से पास हुए। इसलिए शुरुआती जांच में इन सभी को दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया गया है। आईजी ने हादसा संबंधी एक विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी है, जिसमें कितने मजदूरों की मौत हुई, कितने घायल हुए। कहां से कहां जा रहे थे आदि जानकारियां दी गईं हैं।