औरैया जिले में एक तेज रफ्तार बस ने कार में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से संयुक्त जिला अस्पताल लाया गया, जहां पर नाजुक हालत देख डॉक्टर ने सैफई रेफर कर दिया। कार सवार लोग महाकुंभ से वापस नोएडा जा रहे थे। कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर हाईवे पर बाधित यातायात को बहाल कराया।
ये हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र में कानपुर-इटावा हाईवे पर हुआ। नोएडा के रहने वाले इंद्रजीत अपने परिजनों के संग कार से महाकुंभ को गए थे। कुंभ में स्नान करने के बाद कार से सभी लोग वापस घर को लौट रहे थे। रास्ते में औरैया कोतवाली क्षेत्र में कानपुर- इटावा हाईवे पर चैनल नंबर 386+940 किमी के पास कार पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने कार में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार इंद्रजीत, अभिषेक, दिपांशु, मनीषा, नमिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को इलाज के बाद सैफई किया रेफर
हादसे में कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर बाधित यातायात व्यवस्था बहाल की। साथ ही, सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला संयुक्त चिकित्सालय औरैया पहुंचाया, जहां पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।