कानपुर: कल दो केंद्रों पर होगी अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा
Sat, 27 Oct 2018 03:15 PM IST
यूपी डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
सार
- हाईस्कूल के छात्रों की परीक्षा डीबीएस और इंटरमीडिएट की परीक्षा डीएवी कॉलेज में
- दोनों केंद्रों पर 2881 परीक्षार्थी, परीक्षा सुबह 11 बजे से होगी, पहुंचें सुबह 10:30 बजे
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति के लिए परीक्षा का आयोजन रविवार को होगा। शहर में दो केंद्रों पर 2881 परीक्षार्थी इसमें शामिल होंगे। हाईस्कूल (कक्षा 9 व 10) और इंटरमीडिएट (कक्षा 11 व 12) के परीक्षार्थियों के लिए अलग-अलग प्रश्नपत्र होंगे। परीक्षा सुबह ठीक 11 बजे शुरू हो जाएगी। परीक्षार्थी केंद्र के भीतर कोई भी इलेक्ट्रानिक उपकरण या प्रतिबंधित वस्तु नहीं ले जा सकेंगे।
विज्ञापन
‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से पिछले कई वर्षों से अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उत्तीर्ण मेधावी छात्र-छात्राओं को 50 हजार और 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है। पिछले वर्षों में कई मेधावी छात्र-छात्राओं ने यह छात्रवृत्ति हासिल की है। इस वर्ष भी शहर के दो केंद्रों पर 2881 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें हाईस्कूल के एक हजार और इंटरमीडिएट के 1881 परीक्षार्थी हैं। हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं की परीक्षा डीबीएस कॉलेज गोविंदनगर और इंटरमीडिएट की परीक्षा डीएवी कॉलेज सिविल लाइंस में होगी। डीबीएस के प्राचार्य डॉ. आरके सिंह और डीएवी के प्राचार्य डॉ. अमित श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए हर कक्ष में दो निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। डीबीएस में डॉ. केके श्रीवास्तव और डीएवी में डॉ. आरएस यादव को परीक्षा परीक्षा प्रभारी बनाया गया है।
10:30 बजे पहुंच जाएं परीक्षार्थी
परीक्षा सुबह 11 से दोपहर 12:30 बजे तक 90 मिनट की होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले यानी सुबह 10:30 बजे अपने केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रश्नपत्र में 100 प्रश्न होंगे। परीक्षार्थियों को ओएमआर शीट साथ में मिलेगी। सही उत्तर पर काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन से गोला भरना होगा। कक्षा नौवीं और दसवीं का प्रश्नपत्र एक होगा। इसी तरह कक्षा 11वीं और 12वीं का भी प्रश्नपत्र एक होगा। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे। ओएमआर शीट परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट पहले दी जाएगी। परीक्षा खत्म होने के बाद आंसर शीट वहीं जमा हो जाएगी। प्रश्नपत्र परीक्षार्थी साथ ले जा सकेंगे। परीक्षा के समय परीक्षार्थी कैलकुलेटर, मोबाइल या किसी तरह की नकल सामग्री नहीं रख सकेंगे। प्रवेश पत्र/एडमिट कार्ड में कोई तकनीकी दिक्कत या कमी है तो परीक्षार्थी अपने स्कूल से जारी परिचय पत्र या कोई अन्य वैधानिक फोटो पहचानपत्र दिखाकर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।