खेत में सरकारी शौचालय बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी होने पर युवक पर फावड़ा से हमला कर घायल कर दिया। इसके साथ ही बाइक क्षतिग्रस्त कर उसे जलाने का प्रयास किया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
फतेहगढ़ के गांव बुढ़नामऊ निवासी अनुज कुमार के मामा राधेश्याम का खेत खन्नी नगला में है। गांव रखा तिराहा निवासी जगत जाटव खन्नी नगला के पास अपना सरकारी शौचालय बना रहे थे। अजुन जब मामा के खेत के पास बाइक से पहुंचा तो उसने शौचालय बनाने से मना किया।
इसको लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। कहासुनी होने पर जगत ने अनुज के ऊपर फावड़ा मार कर घायल कर दिया। बाइक को क्षतिग्रस्त कर उसमें आग लगाने का प्रयास किया गया। किसी प्रकार अनुज ने इसकी सूचना यूपी 100 को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए भेज दिया। उसकी तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। घटना की सूचना मिलने पर घायल के परिवार वाले भी पहुंच गए। अनुज ने बताया कि जगत जबरन उसके मामा की जमीन पर निर्माण कार्य कर रहा था।