कन्नौज। दिल्ली ब्लास्ट मामले में जांच एजेंसियों की सक्रियता बढ़ने के साथ ही नए-नए बिंदुओं की पड़ताल तेज हो गई है। इसी क्रम में अब जिले के मदरसों पर भी एटीएस की नजर है। एजेंसी ने बुधवार को जिले के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से सभी मदरसों का विस्तृत डेटा मांगा है।
एटीएस ने जिले में संचालित सभी मदरसों की संख्या, उनमें पढ़ने वाले बच्चों की पूरी जानकारी, कक्षाओं का विवरण और यह भी पूछा है कि किसी मदरसे में कश्मीर राज्य का कोई बच्चा तो अध्ययनरत नहीं है। इसके साथ ही मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों के माता-पिता का ब्योरा भी तलब किया गया है। एटीएस की मांग के बाद जिला प्रशासन चौकन्ना है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी जितेंद्र कुमार की टीम लगातार मदरसों का निरीक्षण कर रही है और वहां उपलब्ध रिकॉर्ड व व्यवस्थाओं को खंगाल रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जिले में कुल 121 मान्यता प्राप्त मदरसे संचालित हैं, जिनमें 550 शिक्षक व लगभग 17 हजार बच्चे अध्ययनरत हैं। एटीएस ने रजिस्ट्रार ऑफिस से सूचना मांगी थी। जिले के सभी मदरसों का विवरण भेज दिया गया है।