कानपुर। प्रदेश के आवासीय छात्रावासों में प्रवेश के लिए ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित ट्रायल में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में 80 खिलाड़ी अंतिम सूची में जगह बनाने के लिए पूरी क्षमता से प्रदर्शन कर रहे हैं।
बुधवार को फिटनेस सत्र के बाद हुए अभ्यास मुकाबलों में खिलाड़ियों को गेंदबाजी, बल्लेबाजी, क्षेत्ररक्षण और विकेटकीपिंग के निर्धारित लक्ष्य दिए गए। बल्लेबाजों ने इनस्विंग, आउटस्विंग, बाउंसर और यॉर्कर गेंदों पर बेहतरीन शॉट्स खेलकर प्रभावित किया, वहीं गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ और स्विंग से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर के मुख्य कोच उपक्रीड़ाधिकारी अमित पाल ने बताया कि यह ट्रायल खिलाड़ियों को अंतिम चरण के लिए तैयार कर रहा है। 27 और 28 अप्रैल को फाइनल ट्रायल होंगे।