कानपुर। यूनाइटेड चैंपियंस लीग में रविवार को हुए मैच में एस्पिरिस ने कानपुर साउथ फीनिक्स को नौ रन से और माइटी मेवरिक्स ने ऑरेंज आर्मी को चार विकेट से हराया। राम लखन भट्ट डिग्री कॉलेज ग्राउंड पर हुए पहले मैच में एस्पिरिस टीम ने 30 ओवरों में नौ विकेट पर 234 रन बनाए। टीम से ऋषभ ने 102 व गौरव ने 80 रन बनाए।
वहीं कानपुर साउथ फीनिक्स की टीम 30 ओवरों में पांच विकेट पर 225 रन ही बना सकी। टीम से अमन सिंह ने 96 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में अमित गुप्ता ने तीन विकेट झटके। राष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड पर हुए दूसरे मैच में ऑरेंज आर्मी की टीम 29 ओवरों में 185 रन बना सकी।
टीम से रोहित धवन ने 62 और आदित्य एस ने 46 रन बनाए। गेंदबाजी में विनय चौबे और देवेश तिवारी ने दो-दो विकेट लिए। वहीं माइटी मेवरिक्स ने 27.4 ओवर में छह विकेट पर 189 रन बनाकर जीत हासिल की। टीम से अर्पित अवस्थी ने 53 रन बनाए।