प्रदेश के समाज कल्याण और जनपद के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने सपा और अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। हरदोई में पत्रकारों से बातचीत में असीम अरुण ने कहा कि अपराधी भ्रम में न रहें, यह अखिलेश की नहीं योगी की सरकार है। नवाब ब्रांड ऑफ क्राइम, नवाब ब्रांड ऑफ पॉलिटिक्स के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रभावी ढंग से कार्रवाई कर रहे हैं।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव और सपा की पुरानी परंपरा अपराधियों को बढ़ावा देने की रही है। इनकी परंपरा लड़के हैं गलती हो जाती है वाली है। इससे ऊबकर जनता ने 2017 में सपा को सजा दी और फिर 2022 में मुख्यमंत्री के सकारात्मक कार्याें और बेहतर कानून व्यवस्था से दोबारा सरकार बनी। असीम अरुण ने कहा कि अखिलेश यादव जो राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं न तो वह अखिलेश के लिए ठीक है और न ही प्रदेश के लिए अच्छी।