चित्रकूट में कामदगिरि परिक्रमा मार्ग के समीप प्राचीन चौपड़ा मंदिर से तीन मूर्तियां चोरी हो गई। भगवान श्रीकृष्ण सहित देवी राधा की इन मूर्तियों को बेशकीमती बताया जा रहा है। मूर्ति चोरी की घटना से इलाके मे हड़कंप मचा हुआ है।
मंदिर के पुजारी विनोद दास ने बताया कि मंदिर में कुल 17 छोटी बड़ी मूर्तियां हैं। जिसमें दो भगवान श्रीकृष्ण व एक राधाजी की मूर्ति चोरों ने बीती रात दरवाजा तोड़कर चोरी कर ली है। सुबह आरती के लिए मंदिर गये तो गेट टूटा हुआ था और मंदिर से अष्टधातु की तीन प्राचीन मूर्तियां गायब थीं। चोरी हुई मूर्तियों में से एक बडी मूर्ति भगवान श्रीकृष्ण की और दो मूर्तियां कृष्ण और राधा की थीं।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक का कहना है कि मंदिर से चोरी हुई तीन प्राचीन मूर्तिंयों के बारे में बताया गया है कि वे पीतल की हैं। मूर्तियों की बरामदगी के बाद ही कीमत का आकलन किया जा सकेगा। उन्होंने जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया।