फर्रुखाबाद जिले में मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवाजी नगर स्थित मंदिर से चोरों ने लड्डू गोपाल की अष्टधातु की करीब सवा किलो की मूर्ति चोरी कर ली। सुबह सफाई करने पहुंचे पड़ोसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। स्थानीय लोगों ने शक के आधार पर चोर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद मूर्ति भी बरामद कर ली गई।
मोहल्ला शिवाजी नगर में महामाई दुर्गा देवी मंदिर से सुबह मूर्ति गायब मिली। इसकी सूचना मोहल्ले के सभासद राकेश गुप्ता को दी गई। मंदिर से मूर्ति के अलावा दस सीएफएल भी चोरी हो गए। सूचना पुलिस को दी गई। इसी दौरान किदवई नगर निवासी एक युवक लड्डू गोपाल की मूर्ति की कान की बाली पहने घूमता मिला। लोगों ने शक के आधार पर उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में उसने बताया कि मूर्ति उसने ही चोरी की है एक कबाड़ी को बेच दी है। पुलिस ने कबाड़ी को पकड़कर मूर्ति बरामद कर ली। मूर्ति को क्षतिग्रस्त भी कर दिया गया था। कोतवाल जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है। इनका अन्य मामलों में भी हाथ हो सकता है। पूछताछ के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।