कानपुर देहात। खरमास 15 अप्रैल से समाप्त हो रहे हैं। इसके बाद फिर से बैंड-बाजा-बारात का दौर लगभग दो महीने के लिए शुरू हो जाएगा। सहालग की शुरूआत होने से पहले बाजार सज कर तैयार हो गए हैं। यही नहीं जिन घरों में मांगलिक आयोजन होने हैं उन्होंने खरीदारी भी शुरू कर दी है। बाजार में सर्वाधिक खरीदारी कपड़ों की हो रही है। इसके अलावा लोग ज्वैलरी की भी खरीदारी कर रहे हैं। दाम अधिक होने की वजह से हल्के गहनों की डिमांड ज्यादा है।
सहालग का दौर 15 मार्च से खरमास के कारण रुक गया था लेकिन अब समाप्त हो रहा है। इसे देखते हुए दुकानदारों ने पूरी तैयारी कर ली है। स्टेट बैंक रोड पर रेडीमेड कपड़ा कारोबारी अभिनव मिश्रा ने बताया कि मौसम को देखते हुए गर्मी की ट्रेडिशनल रेंज मंगाई जा रही है। लहंगे में परतदार डिजाइन, लेजर-कट फूल, उभरे हुए डिजाइन बारीक कारीगरी वाले लहंगों का चलन अधिक है। यह तीन हजार से 15 हजार की रेंज में उपलब्ध हैं। भारी-भरकम रेशम की जगह ऑग्रेंजा, शिफॉन और जॉर्जेट जैसे हल्के और हवादार कपड़ों को लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। डिजाइन में अलग किए जा सकने वाले स्लीव्स वाले सूट की भी बिक्री अधिक हो रही है।
साड़ी व लहंगों के थोक व फुटकर विक्रेता मोहित गुप्ता ने बताया कि सूती कुर्तियों का चलन बढ़ा है। सहालग मई तक चलेंगी। इसमें हल्के कपड़े, ट्रेडिशनल व अलग लुक के कारण अधिक पसंद किए जा रहे हैं। खरमास की समाप्ति के बाद कारोबार और बढ़ेगा क्योंकि खरमास में कुछ नया खरीदने से लोग परहेज करते हैं। कपड़ों के अलावा आभूषणों की दुकानों पर लोगों की भीड़ लग रही है। हाल ही के दिनों में सोने और चांदी के दाम में गिरावट आने के बाद अभी से खरीदारी में लोग जुटे हैं। साथ ही बैंड-बाजों की बुकिंग से लेकर कैटरर्स तक की बुकिंग की जा रही है। सहालग में बाजार की स्थिति देखते हुए व्यापारियों को अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है।
.......................
अप्रैल व मई में रहेंगे 15 मुहूर्त
ज्योतिषाचार्य पंडित प्रियंक दीक्षित ने बताया कि 15 मार्च को खरमास लगा था, जो 14 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। इस दिन सूर्य मेष राशि में प्रवेश कर जाएगा। इसी तिथि से सनातन में लग्न मुहूर्त शुरू हो जाएंगे। 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जाएगा। अप्रैल में 20, 21, 25, 26, 27, 28 व 29 को मांगलिक कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त रहेंगे। जबकि मई में एक, तीन, पांच, छह, सात, आठ, 13 व 14 को शुभ कार्य किए जा सकते हैं।