कोरोना संक्रमण से आरोग्य सेतू एप आपको बचाने का काम करेगा। यदि आप किसी संदिग्ध व्यक्ति के आस-पास हैं, तो इसके लिए यह एप अलर्ट का मैसेज भी देगा। इसी एप ने औरैया के 12 लोगों को संदिग्ध बताया है। जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनके घरों पर पहुंची और सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजे।
गौरतलब है कि केंद्र व राज्य सरकार ने वैश्विक महामारी फैलने के दौरान हर नागरिक को मोबाइल फोन में आरोग्य सेतू एप डाउनलोड करने की अपील की थी। इस एप में सात सवाल पूछने के बाद एप आपको कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए सक्रिय हो जाता है। यदि कोई संक्रमित व्यक्ति डाउनलोड एप वाले मोबाइल के आसपास आता है तो उस मोबाइल में अलर्ट का मैसेज आता।
साथ ही क्षेत्र की जानकारी भी इसी एप से मिलती है। जिससे व्यक्ति सतर्क हो सकता है। इस एप का डाउनलोड करने को लेकर जिले की जनता जागरूक हो रही है। अब तक जिले में 50 हजार से अधिक लोग इस एप का डाउनलोड कर चुके हैं। बुधवार को इस एप का डाउनलोड करने वाले मोबाइल के संपर्क में आए 12 लोगों को एप ने संदिग्ध बताया।