आईआईटी में सेना के अधिकारियों ने देखे ड्रोन, यूएवी।
- फोटो : आईआईटी
कानपुर। आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप इन्क्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर में वायुसेना के एयर वाइस मार्शल टीपी सिंह ने अपनी टीम के साथ भ्रमण किया। उन्होंने एयरोस्पेस, डिफेंस को मजबूती देने वाले ड्रोन, यूएवी (अनमैंड एयर व्हीकल) सहित अन्य नवाचार और उत्पाद देखे। उन्होंने डिफेंस से जुड़ी चुनौतियों के अनुसार ट्रायल कर जानकारी देने का निर्देश दिया।
एयर वाइस मार्शल टीपी सिंह, एयर कमोडोर एमके मिश्रा, एयर कमोडोर मुकुल भाटिया, ग्रुप कैप्टन ए ठाकुर, विंग कमांडर ईवी लावान्या, विंग कमांडर चंदन तिवारी, विंग कमांडर मानवेंद्र सिंह व विंग कमांडर शैलेंद्र सीता ने आईआईटी के एसआईआईसी का भ्रमण कर नवाचार की जानकारी ली। हर एक स्टार्टअप के फाउंडर से बात कर नवाचार परखा। सौर ऊर्जा से उड़ान भरने वाला यूएवी, दुश्मनों के घर में घुसकर तबाही मचाने वाला कॉमिकेज ड्रोन, सीमा पर सर्विलांस करने वाले छोटे-छोटे ड्रोन, आपदा में मदद करने वाले ड्रोन देखे। टेक्नोपार्क, एयरस्ट्रिप एवं हैंगर सुविधा, टेस्टिंग लैब्स, नेशनल विंड टनल सुविधा, ईएमआई लैब्स आदि में चल रहे नवाचार और अनुसंधान की जानकारी ली। एसआईआईसी के प्रोफेसर इन चार्ज प्रो. दीपू फिलिप ने बताया कि वर्तमान में संस्थान के वैज्ञानिक व स्टार्टअप् की ओर से तैयार किए गए 30 अलग-अलग प्रकार के ड्रोन का इस्तेमाल सेना के अलग-अलग क्षेत्र में किया जा रहा है। उम्मीद है कि वायु सेना के बेड़े में संस्थान के नवाचार को स्थान मिलेगा।