कानपुर जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। उज्जैन में बाबा महाकालेश्वर के दर्शन कर पूरे परिवार के साथ कार से वापस लौट रहे भारतीय सेना के एक जवान की अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से मौत हो गई।
कलकत्ता में तैनात थे जवान
मिली जानकारी के मुताबिक, कानपुर नगर के ककवन क्षेत्र के जूड़ा निवादा निवासी अजय कुमार (36) पुत्र शिवराम सिंह भारतीय सेना में कार्यरत थे। उनकी वर्तमान तैनाती कलकत्ता (कोलकाता) में थी और वे इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। अजय अपने पूरे परिवार के साथ बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन गए थे।
हाईवे पर काल बनकर आया अज्ञात वाहन, कार के उड़े परखच्चे
कार अभी सचेंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर ओरिएंट रिसोर्ट के सामने पहुंची ही थी कि तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कार हाईवे किनारे जा गिरी।
जांच में जुटी पुलिस
सचेंडी थाना पुलिस ने बताया कि मृतक जवान अजय कुमार के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के पैतृक गांव जूड़ा निवादा में मातम पसर गया है।