पूर्व ऊर्जा मंत्री की हत्या में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व विधायक विजय सिंह के बेटे का शस्त्र लाइसेंस जिलाधिकारी ने निलंबित कर दिया है। साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए नोटिस जारी कर 19 अक्तूबर तक जवाब मांगा है।
इसके अलावा एक अन्य शस्त्र लाइसेंस भी निलंबित किया है। शहर के मोहल्ला नाला मछरट्टा निवासी पूर्व विधायक विजय सिंह भाजपा के सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के पिता पूर्व ऊर्जा मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या में उम्रकैद की सजा काट रहा है।
उसे कुछ दिन पहले ही नैनी जेल से जनपद बांदा की जेल भेजा गया है। उसके पुत्र अविनाश सिंह के नाम 32 बोर रिवाल्वर का लाइसेंस है। पुलिस अधीक्षक ने जिलाधिकारी को सौंपी जांच रिपोर्ट में कहा कि अविनाश के खिलाफ जानलेवा हमले सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।