कानपुर देहात। रसूलाबाद क्षेत्र में रिंद व पांडु नदी पर बने पुल समेत कुल पांच पुल के पहुंच मार्ग 40.75 लाख से दुरुस्त होंगे। सुरक्षात्मक कार्य और सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे। इससे सफर में सहूलियत होगी और दुर्घटनाएं रुकेंगी।
रसूलाबाद क्षेत्र में नारखुर्द छिद्दीपुरवा में पास रिंद नदी पर पुल के दोनों ओर पहुंच मार्ग पर गड्ढे हो गए हैं। इससे हादसे का खतरा रहता है। इसी प्रकार लकोटिया के निकट पांडु नदी पर बने पुल का पहुंच मार्ग भी गड्ढायुक्त है। पुलों के पहुंच मार्ग दुरुस्त करने की मांग हो रही थी। इधर सर्वे में तीन अन्य पुलों के पहुंच मार्ग उखड़े मिले। यहां सुरक्षात्मक कार्य और सूचना बोर्ड आदि लगाने की जरूरत समझी गई। लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही बारिश से पहले यह काम कराने का लक्ष्य तय किया गया है।
झींझक विसधन मार्ग पर किलोमीटर 19 में बने पुल के दोनों ओर पहुंच मार्ग की मरम्मत व सुरक्षात्मक कार्य पर 7.60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। रूरा बनीपारा मार्ग पर सुंदरपुर गजेन के पास बने पुल के पहुंच मार्ग की मरम्मत पर सुरक्षात्मक कार्य पर 7.90 लाख रुपये और समायुं वाया रतनपुर खास मार्ग पर बने पुल के पहुंच मार्ग को दुरुस्त करने पर 7.60 लाख रुपये खर्च होंगे। लकोटिया के निकट पांडु नदी पर बने पुल के पहुंच मार्ग को दुरुस्त करने पर 5.10 लाख रुपये व नारखुर्द में छिद्दीपुरवा के पास रिंद नदी पर बने पुल के पहुंच मार्ग को दुरुस्त करने पर 12.55 लाख रुपये खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के एक्सईएन सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मई में काम शुरू होने की उम्मीद है। बारिश से पहले पुलों के पहुंच मार्ग व सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण कराने का लक्ष्य है।