कानपुर देहात। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को डीएम आलोक सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग व व्यापार बंधु की बैठक हुई। डीएम ने उद्यमियों से अधिक से अधिक युवाओं को अप्रेंटिसशिप कराने को कहा। गर्मी के मद्देनजर प्रतिष्ठान के बाहर प्याऊ लगाने पर जोर दिया गया।
डीएम ने कहा कि उद्यमियों व व्यापारियों की समस्याओं पर त्वरित आवश्यक कार्यवाही की जाए। औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई कराई जाए। शेड्यूल के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति हो। औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों व नाले-नालियों की समय-समय पर मरम्मत व साफ-सफाई जरूरी है। राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटवाए। हाईवे प्राधिकरण के प्रतिनिधि की ओर से डीएम को अवगत कराया गया कि रनियां ओवर ब्रिज निर्माण के लिए प्रस्ताव मुख्यालय में मंजूरी को भेजा गया है। मंजूरी मिलने पर कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
डीएम ने औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों से अपेक्षा की है कि अधिक से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने प्रधानाचार्य आईटीआई को उद्यमियों से समन्वय कर युवाओं को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। ईओ रनियां को औद्योगिक क्षेत्र में रोस्टर बनाकर साफ-सफाई कराने को कहा। डीएम ने व्यापारियों की सहूलियत के लिए उपायुक्त राज्यकर को हेल्पडेस्क बनाकर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। यहां उपायुक्त उद्योग मोहम्मद सउद, विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी व व्यापारी उपस्थित रहे।