कानपुर। शासन ने दशमोत्तर छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन 14 जनवरी 2026 तक कर सकेंगे। वहीं शिक्षण संस्थान आवेदन पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण 27 जनवरी 2026 तक करेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी शिवम सागर ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2025–26 के अंतर्गत दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना में उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत छात्रों को आवेदन का एक और अवसर दिया गया है। नई समय-सारिणी के अनुसार शिक्षण संस्थानों का मास्टर डाटा तैयार करने की अंतिम तिथि अब दो जनवरी 2026 होगी।
विश्वविद्यालय अथवा संबंधित संबद्ध एजेंसी की ओर से शुल्क एवं पत्रावलियों का सत्यापन नौ जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद एजेंसियां 28 जनवरी से सात फरवरी तक छात्रों का सत्यापन करेंगी।
इस दौरान अपात्र छात्रों, पाठ्यक्रमों एवं संस्थानों को ब्लॉक करने की कार्रवाई भी की जाएगी। आवेदन में हुई त्रुटियों को 10 से 13 फरवरी तक संशोधित किया जा सकेगा। इसके उपरांत शिक्षण संस्थान संशोधित आवेदन 18 फरवरी 2026 तक दोबारा अग्रसारित कर सकेंगे।