कानपुर। प्रदेश के सरकारी, अनुदानित और निजी महाविद्यालयों में संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा (सत्र 2026-27) की आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस वर्ष परीक्षा का आयोजन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की ओर से किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है।
छत्रपति शाहू जी महाराज विवि (सीएसजेएमयू) के शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष पहल शुरू की है। विभाग फॉर्म भरने में आ रही तकनीकी समस्याओं का समाधान करने के लिए निशुल्क मार्गदर्शन और सहायता दे रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों के अभ्यर्थियों और पहली बार आवेदन करने वाले छात्रों को व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस पर सीएसजेएमयू परिसर में संचालित बीएड पाठ्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा विभाग के शिक्षक और विशेषज्ञ यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि छात्रों का फॉर्म त्रुटिरहित भरा जाए। त्रुटि सुधार या मार्गदर्शन के लिए कोई भी अभ्यर्थी शिक्षा विभाग से संपर्क कर सकता है।