कानपुर। अटल आवासीय विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र की प्रवेश परीक्षा के लिए 31 जनवरी तक निशुल्क आवेदन किए जा सकते हैं। यह सुविधा उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों तथा कोविड-19 से अनाथ उन बच्चों को दी जा रही है जिनका पंजीकरण महिला एवं बाल विकास विभाग में है और जो मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र हैं।
विद्यालय में बच्चों को सीबीएसई पैटर्न पर शिक्षा, यूनिफॉर्म, पाठ्य-पुस्तकें, भोजन और छात्रावास की आवासीय सुविधा दी जाती है। अपर श्रमायुक्त कानपुर क्षेत्र पीके सिंह ने बताया कि कक्षा छह और नौ में कुल 226 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी को प्रस्तावित है। ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन 31 जनवरी तक स्वीकार किए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन के लिए संबंधित जिले की एनआईसी वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र कानपुर मंडल के सभी जिलों (कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज, फर्रूखाबाद, इटावा, औरैया) के श्रम कार्यालय, कार्यालय जिला प्रोबेशन अधिकारी, कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी या कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक में तय तिथि तक जमा किया जा सकता है।