कानपुर में लॉकडाउन के समय में घरों में कैद बच्चों को नए-नए प्रयोगों से पढ़ाने का बीड़ा कुछ शिक्षकों ने उठाया है। कोई वैदिक गणित के नियम सिखा रहा है तो कोई विज्ञान के गुर। खाली समय में छात्र भी इसे सीखने में खासी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। शिक्षा उत्थान न्यास से जुड़े अमित कुमार वाजपेयी और जय नारायण विद्या मंदिर के शिक्षक कौस्तुभ ओमर विज्ञान के प्रयोगों से बच्चों का ज्ञानवर्धन कर रहे हैं। वैदिक गणित के शिक्षक सुजीत सिंह बच्चों के मन से गणित के हौव्वे को कम करने का प्रयास कर रहे हैं।
कमेंट बॉक्स में लिखे प्रश्न, मिलेगा उत्तर
जय नारायण विद्या मंदिर के शिक्षक कौस्तुभ ओमर ने 10वीं और 12वीं कक्षा के बच्चों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की हैं। यूट्यूब पर उनके चैनल पर आसानी से पढ़ाई हो सकती है। हर दिन एक पाठ को प्रयोगात्मक तरह से पढ़ाते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन होमवर्क भी देते हैं। छात्रों के जो भी सवाल होते हैं, वह कमेंट बॉक्स में लिख देते हैं, जिसका उत्तर उनको मिलता है। कौस्तुभ कहते हैं परिस्थितियों के अनुसार ही कार्य करने चाहिए, समय व्यर्थ न करें।