कानपुर अगर कोई गुंडा आपके सामने आ जाए तो घबराएं नहीं। मन शांत कर खुद को बचाने की तरकीब सोचें। अगर कोई हाथ पकड़े तो दूसरे हाथ और पैर का इस्तेमाल कर उसे जमीन पर पटक दें। आपको अपनी ताकत पहचाननी है। ये टिप्स अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत इंदिरा नगर स्थित एसजीएम इंटरनेशनल स्कूल में कानपुर कराटे एकेडमी के सचिव सभाजीत वर्मा और कराटे एसोसिएशन के सचिव सुनीत कुमार शुक्ला ने छात्राओं को दिए।
उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा सिखाने के साथ मानसिक रूप से मजबूत होने की सीख दी। सभाजीत वर्मा ने छात्राओं को किक, पंच और ब्लॉक थ्रो सिखाया। उन्होंने कहा कि कहा कि आप जैसा आहार लेते हैं वैसा ही दिमाग काम करता है। अपनी ऊर्जा को एक जगह पर फोकस करें। आपको हर मुश्किल का हल मिल जाएगा। एक हाथ और दो हाथ की दूरी से भी प्रहार किया जा सकता है। उन्होंने सिखाया कि अगर कोई बाल पकड़ ले तो कैसे बचाव करें। कार्यक्रम को सफल बनाने में एसजीएम स्कूल के प्रबंधक अजीत अग्रवाल, प्रधानाचार्य संदीप कुमार पाठक, उमा निगम, बीना पांडेय, सोनाली शर्मा, अनुराधा मिश्रा, मुनींद कुशवाहा, शिवम सिंह, शिवम राजपूत, आशीष गौतम और सूरज मौजूद थे।