समिति के सदस्यों और अफसरों का काफिला फूलबाग अौर बर्रा गुंजन विहार पहुंचा यहां पानी की टंकियां ठूंठ बनीं थीं। यहां लोगों ने कहा डाला कि ‘क्या कोई वीरू चढ़ेगा तब चालू होगी टंकी’।
फूलबाग में चेयरमैन ने जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर पीसी शुक्ला से पूछा कि पानी की टंकी कब चालू होगी तो बताया गया कि बैराज से फूलबाग तक राइजिंगमेन बिछ गई है, पर नानाराव पार्क के पास 35 मीटर गैप बाकी है। मैनेजर ने परमीशन न होने का हवाला दिया तो डीएम ने फटकारते हुए कहा कि अभी एक हफ्ते की परमीशन दिला रहे हैं, पूरा करेंगे काम? डीएम ने वहां ड्यूटी कर रहे जेई को भी फटकारा।
इसके बाद टीम जब बर्रा गुंजन िवहार और के सेक्टर पहुंची तो लोगों ने समस्याओं की झड़ी लगा दी। लोगों ने कहा कि विश्व बैंक के-सेक्टर स्थित टंकी वाले पार्क में सालों से बनी टंकी से अब तक पानी की एक बूंद भी नहीं टपकी है। डीएम और चेयरमैन ने 15 फरवरी तक टंकी चालू करने को कहा। गुंजन विहार में नाला बजबजा रहा था। टीम ने इसे अंडरग्राउंड करने के निर्देश दिए गए। निगम के अपर नगर आयुक्त को छह महीने में इस नाले को अंडरग्राउंड करने के निर्देश दिए।