परियोजना का शिलान्यास करतीं राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के जनपद उन्नाव में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सस्ते एवं स्वच्छ ईंधन के प्रयोग से बढ़ते प्रदूषण को कम किया जा सकता है। इसलिए केंद्र सरकार सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना शुरू करने जा रही है। इसके तहत लोगों को एक तरफ घरों में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) पाइपलाइन के जरिये गैस मिल सकेगी। वहीं वाहनों में ईंधन के रूप में सीएनजी भरी जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि उन्नाव जिले में दो नए सीएनजी स्टेशन खोले जाएंगे। वहीं अधिकृत की गई एजेंसी ग्रीन गैस लिमिटेड (जीजीएल) ने शहर के तीन हजार परिवारों को पाइपलाइन के जरिये गैस पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। भविष्य में इसे और बढ़ाया जाएगा।
राज्यमंत्री ने बताया कि पूर्व में प्रदेश के 17 भौगोलिक क्षेत्र चिह्नित थे जहां सीजीडी स्थापित की जा चुकी है। अब नौ अन्य भौगोलिक क्षेत्र शामिल किए जा रहे हैं। जिसमें उन्नाव भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 8 करोड़ परिवारों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा है। जिसमें अब तक 5 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना का इसका लाभ दिया जा चुका है।