कानपुर में सन् 1984 में हुए सिख विरोधी दंगे के छह और केसों(हत्या व हत्या कर डकैती) का पर्दाफाश होगा। एसआईटी(स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम) ने इन छह केसों की विवेचना शुरू कर दी है। अब दस के बजाय कुल 16 केसों की विवेचना की जा रही है। वहीं, सबूतों के अभाव में छह केसों की फाइलें बंद करने का फैसला लिया गया है।
शहर के कई और नामचीन शख्स एसआईटी के रडार पर आ गए हैं। दंगों के 28 जघन्य केसों की जांच एसआईटी ने शुरू की थी। एसआईटी एसएसपी बालेंदु भूषण सिंह ने बताया कि इनमें से दस केसों की विवेचना पिछले महीने शुरू हो गई थी।
अब बचे हुए 18 मामलों में से छह और केसों की विवेचना करने की अनुमति मिलने के बाद फाइलें खुल गई हैं। यानी कुल मिलाकर हत्या, व हत्या कर डकैती के कुल 16 मामलों की विवेचना एसआईटी कर रही है। इन सभी केसों के दस्तावेज, गवाह व साक्ष्य एसआईटी को मिल गए हैं। जो साक्ष्य व गवाह बचे हैं, एसआईटी उनको जुटा रही है।